Showing posts with label Poem. Show all posts
Showing posts with label Poem. Show all posts

Tuesday, May 1, 2012

आराम

एक अजब सा सन्नाटा है 
जैसे, कोई कुछ बोलना चाह रहा हो
और बोल न पा रहा हो 

आँखें तरसती वो देखने को
जो अभी तक रूबरू नहीं हो सका
मैं खुद से पूछता कि कोई आने वाला है क्या?

खुद को सन्नाटे के सिवा कुछ न सुनाई देता 
मैं ताकता, मंडराता इस आस में कि कुछ उभर के आएगा
पर इस बेरंग आँख मिचोली में कुछ भी हाथ न लगता

बेबस, नाराज़ जब मैं हार मान कर घर लौटता 
तब सन्नाटा बोल पड़ता, और समझाता 
"ढूँढने से राम मिलता है, आराम नहीं"

Friday, February 24, 2012

दर्द

दर्द तो बहुत हुआ था
जब तुम जुदा हुए थे 

तनहा तनहा खुद को देख कर
मैं बेचैन सा रहता था, 
यह सोच कर खुद को तसल्ली देता कि 
एक दिन तुम वापस आ जाओगे,  
जानते हुए कि ये नामुमकिन सी बात है 
पर क्या करूँ? ये दिल भी बड़ा खुद्दार है 
खुद की ख़ुशी के आगे 
सच को भी झुठला देता है 

दर्द तो बहुत हुआ था
जब तुम जुदा हुए थे 

अब दर्द कम है, जाने अनजाने में 
ज़िन्दगी खुद-ब-खुद ही चल पड़ी 
तुम्हारी आदत अब ज़रूरत नहीं रही 
और तुम्हारी ज़रूरत, एक याद बन कर 
सीने के किसी कोने में छुपी बैठी है 
हकीक़त ये है की मैं तुम्हे भूल चूका हूँ
जैसे तुम, मुझे,
है,  कि नहीं? 


दर्द तो बहुत हुआ था
जब तुम जुदा हुए थे 

Tuesday, August 30, 2011

पड़ाव

खुश तो हूँ, पर ख़ामोश हूँ
मन करता है कि कुछ लिखूं, कुछ कहूँ
बाईस साल हो गए इस ज़िन्दगी को
फिर भी कुछ कमी सी है
अधूरे एहसास अक्सर कुछ बोल पड़ते हैं
जैसे मुझे कुछ बताना चाहें

मैं सुनता नहीं
मैं लोगो को कहता कि मैं खुद की सुनता हूँ
पर खुद को ढूंढ पाया नहीं

ये ज़िन्दगी चलती जाएगी,
एक साल फिर बीत जाएगा
बाईस से तेईस ज्यादा दूर नहीं
और मैं इसी आस में लिखता जाऊंगा
कि कभी ज़िन्दगी से रूबरू हो कर
कुछ लिख पाउँगा |